भरमौर (चंबा)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की भरमौर इकाई ने प्रधानाचार्य के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ज्ञापन भेजा। इसमें विद्यार्थी परिषद ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति की मांग की। इकाई अध्यक्ष अंशुल पटियाल ने बताया कि विद्यार्थी परिषद अपने स्थापना काल नौ जुलाई 1949 से ही राष्ट्र पुनर्निमाण के व्यापक संदर्भ में कार्य करने वाला विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला पिछले तीन वर्षों से स्थायी कुलपति की राह देख रहा है। विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति के न होने के कारण शैक्षिक और प्रशासनिक व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। इससे विद्यार्थियों और कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।