चंबा। पांगी कल्याण संघ की बैठक रविवार को प्रधान भगत बडोत्तास की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पांगी से जुड़े मुद्दों को लेकर चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए भगत बड़ोत्तरा ने बताया कि किलाड़ में लड़कियों के लिए विद्यालय खोले जाना काफी आवश्यक है। इसे लेकर पांगी वासी लंबे समय से मांग कर रहे हैं। इस संबंध में बैठक में एक प्रस्ताव भी पास किया गया, जिसे स्वीकृति के लिए पांगी कल्याण संघ जल्द ही सरकार को भी भेजेगा। ऐसा होने से पांगी की लड़कियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए सुविधा मिलेगी। मौजूदा समय में किलाड़ मुख्यालय में लड़कियों के लिए ऐसा कोई भी स्कूल नहीं है। इस कारण लड़कियों को उच्च शिक्षा हासिल करने में काफी परेशानी होती है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष पांगी आए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किलाड़ में कन्या पाठशाला खोलने की घोषणा की थी, जो अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। इस कारण पांगी वासी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वे अपनी घोषणा को पूरा करें। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने लड़कियों के लिए हॉस्टल की भी घोषणा की थी, वह भी अधूरी पड़ी है। उन्होंने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि इस विषय पर तीव्रता से कोई कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जनजातीय भवन बालू की हालत भी काफी खराब है। इसको लेकर पांगी कल्याण संघ कृषि एवं जनजातीय मंत्री को भी अवगत करवा चुके हैं, लेकिन अभी तक भवन की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि जनजातीय भवन की हालत को तुरंत सुधारा जाए, ताकि जनजातीय क्षेत्र के लोग यहां पर अपने घरेलू कार्यक्रम आयोजित कर सकें। इस मौके पर संघ के सभी पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।