चंबा। शहर की दवाई की दुुकानों में वीरवार को दवा निरीक्षक ने दबिश दी। इस दौरान उन्होंने दवाई की दुकानों में प्रतिबंधित दवाओं के क्रय-विक्रय को लेकर जांच-पड़ताल भी की। हालांकि, जांच के दौरान किसी प्रकार की खामी नहीं नजर आई। उन्होंने केमिस्टों को निर्देश दिए कि डॉक्टर की पर्ची के बिना वे किसी को भी नशीली दवाएं न बेचें। डॉक्टर की पर्ची के बिना नशीली दवाई बेचने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान दवा निरीक्षक राकेश कुमार ने दो दवाइयों के सैंपल भी भरे। भरे गए सैंपलों में एंटीबायोटिक और दर्द निवारक दवाइयां शामिल हैं। इन दवाइयों के सैंपल को विभाग जांच के लिए कंडाघाट स्थित प्रयोगशाला भेजेगा। यहां इन दवाइयों की गुणवत्ता जांची जाएगी। प्रयोगशाला में अगर दवाइयों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की खामी पाई जाती है तो ये सैंपल फेल हो जाएंगे। ऐसा होने पर संबंधित केमिस्ट और कंपनी को विभाग की ओर से नोटिस भेजे जाएंगे। साथ ही दवाइयों कीसप्लाई और बिक्री पर भी रोक लगाई जा सकती है। फिलहाल, विभाग लैब की रिपोर्ट आने तक का इंतजार करेगा। उसके बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
दवा निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि चंबा शहर की दवाई बेचने वाले केमिस्टों की दुकानों का उन्होंने निरीक्षण किया। केमिस्टों को निर्देश दिए गए कि डॉक्टर की पर्ची के बिना किसी प्रकार की नशीली दवाएं न बेचें। ऐसा करने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान दो दवाओं के सैंपल भी भरे गए हैं।