चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में अब मरीजों को रात के समय भी विशेषज्ञों की सेवाएं मिलेंगी। रात के समय किसी भी गंभीर रूप से घायल और बीमार मरीज के उपचार के लिए ऑनकॉल विशेषज्ञ को बुलाया जाएगा। इसको लेकर मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से विशेष ऑर्डर जारी किए गए हैं। हालांकि यह ऑर्डर पहले भी जारी हुए थे। लेकिन विशेषज्ञों और डॉक्टरों की कमी के कारण इन आदेशों को लागू नहीं किया जा सका था।
दिन के समय ड्यूटी देने वाले विशेषज्ञ रात को बहुत कम अस्पताल आते थे। लेकिन अब चंबा मेडिकल कॉलेज में महिला रोग विभाग को छोड़कर अन्य सभी विभागों में पर्याप्त संख्या में डॉक्टर हैं। मेडिकल कॉलेज में रात के समय अगर कोई दुर्घटना के घायलों को लाया जाता है, या कोई ऐसा मरीज लाया जाता है, जिसे एमबीबीएस डॉक्टर के अलावा विशेषज्ञ की आवश्यकता हो।
ऐसी स्थिति में आपातकालीन कक्ष में तैनात स्टाफ संबंधित विशेषज्ञ को स्थिति से अवगत करवाएगा और अस्पताल आने के लिए सूचित करेगा। सूचना मिलते ही संबंधित विशेषज्ञ को अस्पताल में आकर मरीज का इलाज करना पड़ेगा।
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. पुरुषोत्तम पुरी ने बताया कि अस्पताल में रात को भी विशेषज्ञ सेवाएं देंगे। इसके लिए सभी विशेषज्ञों को सूचित कर दिया गया है। इससे मरीजों को रात के समय भी अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।