संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चंबा मेडिकल कॉलेज में अब पर्ची बनाने के लिए मरीजों की भीड़ नहीं लगेगा। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन ने पर्ची पंजीकरण केंद्र को मेडिकल कॉलेज के पार्क में शिफ्ट करने का निर्णय लिया है। इसको लेकर योजना बनाई जा रही है। इतना ही नहीं ओपीडी में मरीजों की भीड़ कम करने के लिए प्रबंधन टोकन सिस्टम को लागू करने की योजना बना रहा है। इसको लेकर थोड़ा समय लग सकता है।
फिलहाल भीड़ भाड़ वाली ओपीडी में वन-वे सिस्टम लागू किया है। इसमें मरीज डॉक्टर से जांच करवाने के बाद प्रवेश द्वार से वापस नहीं लौटेंगे, उनके वापस जाने के लिए दूसरे स्थान पर व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था कोरोना संक्रमण से लोगों के बचाव के लिए शुरू किया गया है।
जिले में छह लाख आबादी बीमारी के उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पर निर्भर है। इसके चलते मेडिकल कॉलेज में मरीजों की काफी भीड़ रहती है। पंजीकरण केंद्र में सुबह से लेकर शाम तक मरीजों की लाइनें लगी रहती है। इस कारण सामाजिक दूरी के नियम सही तरीके से पालना नहीं हो पा रहा था।
इसके लिए चिकित्सा अधीक्षक ने निजी सुरक्षा कर्मियों को भी सख्त आदेश दिए हैं। ओपीडी में मरीजों को व्यवस्था का पालन करवाने को कहा गया है। पंजीकरण केंद्र में मरीजों को सामाजिक दूरी बनाकर खड़े होना होगा। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन समय-समय पर भीड़ भाड़ वाली ओपीडी और अन्य स्थानों का निरीक्षण कर रहा है।
सीएमओ डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि अस्पताल में मरीजों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए पंजीकरण केंद्र को अस्पताल पार्क में शिफ्ट करने की योजना बनाई जा रही है। यहां पर पंजीकरण केंद्र चल रहा है। अस्पताल में मरीजों की काफी भीड़ जमा हो रही है। इसके अलावा ओपीडी में टोकन सिस्टम को लागू करने की भी योजना बनाई जा रही है।