चंबा। उपायुक्त चंबा विवेक भाटिया ने सोमवार को मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में सामाजिक दूरी का पालना कड़ाई से करवाया जाए। इसके अलावा पंजीकरण पर तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पर्ची बनाने के लिए अगर कोई मरीज सामाजिक दूरी की पालना नहीं करता है, तो उसकी पर्ची न बनाई जाए।
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सामाजिक दूरी की पालना करना अनिवार्य है। इसके अलावा कोई भी मरीज या तीमारदार अस्पताल में बिना मास्क न घूमता हुआ नजर आए। इसके लिए उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए। हालांकि प्रबंधन की ओर से मास्क को लेकर अस्पताल में पहले ही व्यवस्था की जा चुकी है।
बिना मास्क किसी को भी अस्पताल में दाखिल नहीं होने दिया जा रहा है। इस दौरान उपायुक्त ने आपातकालीन कक्ष का भी निरीक्षण किया। यहां पर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया गया। इसके साथ ही आपातकालीन कक्ष में तैनात चिकित्सक और अन्य स्टाफ से भी बातचीत की।
उन्होंने स्टाफ को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इंतजाम रखने को कहा। लॉकडाउन के दौरान कर्फ्यू ढील में एक घंटे की बढ़ोतरी होने के साथ बाजार खुलने से अस्पताल में भी मरीजों की संख्या बढ़ना शुरू हो गई है। ऐसे में अस्पताल में सामाजिक दूरी और मास्क को लेकर पूरी एहतियात बरतना जरूरी है। उनके साथ अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।