चंबा। हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक समन्वयक डॉ. डीके सोनी की अध्यक्षता में शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में बैठक हुई। इसमें पेंशनरों ने सरकार को घेरते हुए चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे 28 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा का घेराव करेंगे।
इस दौरान डॉ. सोनी ने बताया कि धर्मशाला में विधानसभा सत्र के दौरान धरना-प्रदर्शन एवं घेराव की योजना के लिए मंडी में 19 नवंबर काे अधिवेशन किया जाएगा। 10 नवंबर को सरकार के समक्ष वित्तीय लाभ देने समेत अन्य मांगें पूरी करने की आवाज उठाई थी। इस दौरान सरकार को 10 दिन की मोहलत दी थी, जिसकी अवधि 19 नवंबर को खत्म हो रही है।
उन्होंने बताया कि अगर सरकार उनकी मांगों को तय समयावधि के भीतर पूरा नहीं करती है तो संयुक्त संघर्ष समिति आंदोलन शुरू करेगी। वहीं, उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शहर के सुराड़ा में हुई मारपीट के आरोपियों के खिलाफ जांच करके कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि शहर में माहौल को शांतिपूर्ण बनाया जा सके।