यात्रा को लेकर प्रशासन करवा रहा दो पुलों का निर्माण, एक पुल का कार्य पूरा
दूसरे पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर, श्रद्धालुओं को आवाजाही में मिलेगी सुविधा
पिछले साल भारी बारिश के कारण नाले में बढ़े जलस्तर से बह गया था पुल
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने दोनाली में दो पुलों का निर्माण शुरू करवाया है।
यात्रा शुरू होने से पहले दोनों पुलों को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से एक पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है जबकि दूसरे पुल का निर्माण कार्य तेजी से जारी है।
दोनों पुल तैयार होने के बाद श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएंगे। एक पुल से श्रद्धालुओं को मणिमहेश की ओर भेजा जाएगा, जबकि दूसरे पुल से वापसी करवाई जाएगी। इससे यात्रा के दौरान एक ही स्थान पर भीड़ जमा होने की समस्या कम होगी और आवाजाही भी सुचारू बनी रहेगी।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भारी बारिश के कारण दोनाली नाले में जलस्तर अचानक बढ़ गया था। तेज बहाव की चपेट में आने से यहां बना पुल बह गया था। इसके बाद आगामी मणिमहेश यात्रा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यहां दो पुलों के निर्माण की योजना तैयार की, ताकि बारिश और बढ़ते जलस्तर के दौरान भी श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
दूसरे पुल का निर्माण कार्य बीते वीरवार को शुरू किया गया था। निर्माण के दौरान ऊपर से अचानक पत्थर गिरने के कारण निर्माणाधीन पुल क्षतिग्रस्त होकर ढह गया। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल दोबारा निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। अब पुल को यात्रा से पहले पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासन की ओर से दोनों पुलों को मजबूत और सुरक्षित बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने बताया कि दोनाली में दो पुलों का निर्माण करवाया जा रहा है। एक पुल तैयार हो चुका है, जबकि दूसरे का कार्य जारी है। दोनों पुल तैयार होने के बाद एक से श्रद्धालुओं की आवाजाही मणिमहेश की ओर और दूसरे से वापसी करवाई जाएगी। इससे भीड़ नियंत्रण के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।