चंबा। मणिमहेश यात्रा के दौरान भरमौर और चंबा में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित गंतव्यों तक पहुंचाने के लिए परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने विशेष पहल की है। अब तक निगम द्वारा 42 सरकारी बसों के माध्यम से करीब 10,000 श्रद्धालुओं को रवाना किया जा चुका है।
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए एचआरटीसी की ओर से पठानकोट, कांगड़ा, दिल्ली और अमृतसर जैसे शहरों के लिए विशेष बस सेवाएं चलाई जा रही हैं। सबसे खास बात यह है कि इन बसों में यात्रियों से कोई किराया नहीं लिया जा रहा, जिससे श्रद्धालुओं में राहत और संतोष का माहौल है। एचआरटीसी डीडीएम शूगल सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ और लगातार बढ़ते दबाव को देखते हुए निगम ने चंबा के लोकल रूट्स को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है, ताकि सभी संसाधनों को फंसे यात्रियों को निकालने में लगाया जा सके। निगम का प्रयास है कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित और शीघ्र उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाए।