चुवाड़ी (चंबा)। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर तुनूहट्टी के पास ढाबे के बाहर बैठे पंजाब के व्यक्ति को पुलिस ने चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जब शनिवार शाम को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कांगड़ा की टीम एएसआई करतार सिंह की अगुवाई में गश्त पर थी। उसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि ढाबे के बाहर एक व्यक्ति बैठा है, उसके पास चिट्टा हो सकता है।
पुलिस ने सूचना के आधार पर वहां दबिश दी और ढाबे के बाहर बैठे व्यक्ति को दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो पुलिस को 14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। साथ ही आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपनी पहचान संदीप सिंह निवासी अमृतसर के रूप में बताई। उसके खिलाफ पुलिस ने चुवाड़ी थाना में मामला दर्ज किया है।
जिले में नशे के खिलाफ छेड़े अभियान में पुलिस चरस और चिट्टा माफिया की कमर तोड़ रही है। पिछले दो महीनों में पुलिस ने 12 लोगों को चिट्टा और चरस के साथ गिरफ्तार किया है। ऐसे में अब नशे के सौदागर की पुलिस की सतर्कता से घबराए हुए हैं। पुलिस की विभिन्न इकाइयां रात को विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर नशे के तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। जिले में नशे का अवैध करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है।