लोगों ने बेसुध हालत में पहुंचाया अस्पताल
पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द किया शव
संवाद न्यूज एजेंसी
सरोल (चंबा)। रावी में नहाने उतरे व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान फतेह मुहम्मद निवासी पलूंही के रूप में हुई है दो मंगलवार सुबह के समय सरोल के पास लोगों के खेतों में फसल कटाई का कार्य कर रहा था। उसी दौरान गर्मी से निजात पाने के लिए रावी में नहाने के लिए चला गया। इस दौरान डूबने से उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने जैसे ही उसे डूबते हुए देखा तो वे तुरंत उसकी मदद के लिए पहुंच गए। लोगों ने रावी नदी से उसे बेसुध हालत में बाहर निकाला। यहां से उसे उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी अस्पताल पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके साथ ही मृतक के परिजनों को भी घटना के बारे में सूचित किया। परिजनों के बयान लेने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज चंबा में करवाया। इसके उपरांत उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस कार्रवाई कर रही है।