बनीखेत (चंबा)। चंबा-पठानकोट हाईवे पर सुकड़ाई बाईं के समीप पिकअप की टक्कर से एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया। जबकि, दो मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मंगलवार सुबह हुआ। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाथरी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने घायल को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बलबीर सिंह पुत्र प्रकाश चंद, निवासी गांव बलाह डाकघर कोटला तहसील ज्वाली जिला कांगड़ा के रूप में हुई। पुलिस ने भादंसं की धारा 279, 304ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार व्यक्ति मजदूरी का काम करता था। जैसे ही वह मंगलवार को सड़क पर अपनी खच्चरों के साथ जा रहा था तो पठानकोट की तरफ आ रही एक पिकअप ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आई। इस दौरान गाड़ी की चपेट में आने से एक खच्चर और घोड़े की भी मौत हो गई। जीप चालक ने ही घायल को उपचार के लिए बाथरी पहुंचाया। लेकिन वहां बलबीर ने दम तोड़ दिया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक का मेडिकल करवाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
डीएसपी डलहौजी विशाल वर्मा ने बताया कि गाड़ी की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हुई है। कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।