चंबा। जंगलों में आग लगाने के आरोप में इस बार वन विभाग ने अज्ञात लोगों के खिलाफ नहीं, बल्कि एक व्यक्ति के नाम और पते के साथ एफआईआर दर्ज करवाई है।
वन मंडल डलहौजी की चुवाड़ी रेंज की टीम ने एक व्यक्ति को जंगल में आग लगाते पकड़ लिया। विभागीय टीम ने जंगल में आग लगाते उसका वीडियो भी बनाया। इसके बाद उसे मौके पर पकड़कर वन विभाग के रेस्ट हाउस पहुंचाया। यहां स्थानीय पंचायत प्रधान और वार्ड सदस्य को बुलाया गया। उनके साथ मौके पर ले जाकर व्यक्ति से जंगल में आग लगाने की बात स्वीकार करवाई। इसके बाद वन परिक्षेत्र अधिकारी वरयाम गुलेरिया ने व्यक्ति के खिलाफ चुवाड़ी थाना में एफआईआर दर्ज करवाई। पुलिस से मांग की कि जंगल को आग के हवाले करने वाले ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
वन परिक्षेत्र चुवाड़ी के तहत अब 20 से अधिक आग की घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में जंगलों को आग से बचाने के लिए विभागीय टीमों ने रात को भी जंगलों में निगरानी बढ़ा दी है। दो दिन पहले विभागीय जब जाजड़ी जंगल के पास रात को गश्त कर रही थी तो उनकी नजर जंगल में उठती आग की लपटों पर पड़ी। राकेश निवासी निवासी जाजड़ी जंगल में आग भड़का रहा था। हवा नहीं चलने के कारण आग तेजी से नहीं फैली। विभागीय टीम ने आग को फैलने से बुझाया। साथ ही आरोपी के खिलाफ जंगल में आग भड़काने के लिए एफआईआर दर्ज करवाई।
वन परिक्षेत्र अधिकारी चुवाड़ी वरयाम गुलेरिया ने बताया कि जाजड़ी जंगल में एक व्यक्ति को आग लगाते पकड़ा गया है। उसके खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करवा दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे जंगल को आग से बचाने में विभाग का सहयोग दें।