चंबा। इस बार मक्की और बाजरा के बीज के लिए किसानों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। कृषि विभाग ने इन फसलों के बीज की डिमांड शिमला भेज दी है। बीज दो माह पहले ही विभाग के पास पहुंच जाएगा। इससे किसान अब बीज के लिए भटकेंगे, नहीं और उन्हें समय पर बीज मिल जाएगा।
बीज की सप्लाई आने के बाद कृषि विभाग किसानों को अनुदान पर बीज वितरित करेगा, जिससे किसानों को एक बड़ी राहत मिलेगी। विभाग ने पहले ही गेहूं के 300 क्विंटल बीज की सप्लाई पूरी कर दी है, जो अब बिक चुका है। इसके बाद अब मक्की और बाजरा के बीज की डिमांड शिमला भेजी गई है, ताकि किसानों को उनकी जरूरत के मुताबिक बीज मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मक्की और बाजरा का बीज दो माह पहले ही विभाग के पास पहुंच जाएंगे, ताकि किसानों को बीज के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े। इस पहल से किसानों को समय पर बीज मिल सकेगा और वे अपनी बिजाई की तैयारियों में तेजी ला सकेंगे।