बनीखेत (चंबा)। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड की ओर से उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को डलहौजी विद्युत मंडल के तहत राजकीय महाविद्यालय बनीखेत में जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बोर्ड के सलाहकार अनुराग पराशर ने महाविद्यालय के अध्यापकों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक युग में बिजली से जुड़ी जानकारी समाज के हर वर्ग के लिए आवश्यक है। उन्होंने बताया कि घरों में वायरिंग कार्य हमेशा कुशल अभियंता से ही करवाना चाहिए और आईएसआई मार्क वाले तारों और उपकरणों का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रमाणित उपकरणों के उपयोग से बिजली से लगने वाले झटकों और आग की घटनाओं से काफी हद तक बचा जा सकता है। पराशर ने टीवी, फ्रिज, गीजर और लाइट जैसे उपकरणों का इस्तेमाल आवश्यकता अनुसार ही करने की सलाह दी, जिससे बिजली बिलों में बचत के साथ-साथ बोर्ड पर भी भार कम हो।