पांगी (चंबा)। जनजातीय उपमंडल पांगी को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले सचे जोत मार्ग को बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग की मशीनरी जुटी है। दिवाली के बाद हुई बर्फबारी के कारण बंद हुए इस महत्वपूर्ण मार्ग को खोलने के लिए विभाग ने किलाड़ और भंजराडू से मशीनरी तैनात की है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द छोटे वाहनों के लिए मार्ग को बहाल कर दिया जाएगा, जिससे घाटी के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
दिवाली के बाद पांगी घाटी में मौसम ने अचानक करवट बदली। ऊंचाई वाले इलाकों में हुई भारी बर्फबारी के चलते सचे जोत मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह से बंद हो गया। इस कारण पांगी के लोगों का जिला मुख्यालय चंबा के साथ सीधा संपर्क टूट चुका है। स्थानीय लोगों को आपातकालीन स्थिति में कुल्लू-मनाली, अटल टनल होकर एक लंबा और खर्चीला सफर तय करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे न केवल समय की बर्बादी हो रही थी बल्कि आर्थिक बोझ भी बढ़ गया था। अब एक बार फिर लोक निर्माण विभाग की इस पहल से घाटी के लोगों में उम्मीद की नई किरण जगी है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रवि शर्मा ने बताया कि मार्ग की बहाली के लिए विभाग पूरी तरह से मुस्तैद है। एक जेसीबी मशीन पांगी की ओर से और दूसरी भंजराडू-बैरागढ़ की तरफ से बर्फ हटाने के काम में लगा दी गई है। विभाग का प्रयास है कि जल्द घाटी के लोगों को सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।