मरीजों को आज भी अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए लगानी पड़ रही चंबा की दौड़
राजनीतिक नेता लूट रहे वाहवाही, रेडियोलॉजिस्ट के सवाल पर साथ रहे चुप्पी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। नागरिक अस्पताल किहार में भले ही लाखों की अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित कर दी गई हो लेकिन मरीजों को आज भी अल्ट्रासाउंड के लिए चंबा की दौड़ लगानी पड़ रही है।
मशीन चलाने के लिए कोई भी रेडियोलॉजिस्ट नहीं है। इसके बिना मरीजों के अल्ट्रासाउंड कर पाना असंभव है। ऐसे में मरीजों को तब तक इस मशीन का लाभ नहीं मिल सकता, जब तक इसे ऑपरेट करने वाला डॉक्टर नहीं आ जाता। इसलिए स्थानीय लोग सरकार व प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि जल्द रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की जाए।
हंसराज, केवल कुमार, चमन सिंह, रवि कुमार, पवन कुमार, योग सिंह, मनोज कुमार, सुरेंद्र, भाग सिंह और देसराज ने बताया कि अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित करने को लेकर राजनीतिक दल के नेता वाहवाही तो लूट रहे हैं लेकिन रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती को लेकर कोई भी नेता जवाब देने को तैयार नहीं है। एक दर्जन से अधिक पंचायतों के लोग बीमारी का इलाज करवाने के लिए आते हैं जबकि अल्ट्रासाउंड के लिए विकास खंड सलूणी की सभी पंचायतों के मरीज यहां निर्भर है लेकिन रेडियोलॉजिस्ट न होने से उन्हें चंबा जाना पड़ रहा है।
उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह ने बताया कि किहार अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन चलाने के लिए उपयुक्त व्यवस्था की जा रही है। जल्द ही मरीजों को वहां पर यह सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी।