चंबा। जिले में लंपी रोग का असर कम होने लगा है। जिले में अब काफी कम मामले सामने आ रहे है। सर्दियों का मौसम शुरू होने के बाद काफी हद तक मामलों में कमी आई है। पशुपालन विभाग की ओर से इसकी जांच भी की जा रही है। अब करीब तीन सप्ताह से पचास से कम मामले आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार अब तक 13,249 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 809 पशुओं की जहां मृत्यु हुई है तो वहीं, दूसरी तरफ 8,444 पशु रिकवर हुए हैं। इसके अलावा वर्तमान में 3,796 पशु सक्रिय है। विभाग की ओर से नियमित तौर पर पशुओं की निगरानी की जा रही है।
गौरतलब है कि जिले में अगस्त माह में लंपी रोग ने दस्तक दी। इसके बाद खासकर भटियात क्षेत्र में ज्यादा मामले सामने आए। जिला कांगड़ा के साथ इलाका सटा होने के चलते यहां रोजाना चार सौ से अधिक मामले आए। इसके बाद पशुपालन विभाग ने टीमों का गठन किया और वैक्सीनेशन शुरू किया।
अब तक जिले में 50,001 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। पशुपालन विभाग चंबा के सहायक निदेशक डॉ. दिनेश परमार ने बताया कि पहले की अपेक्षा अब लंपी रोग के मामले कम हुए हैं। कहा कि विभाग की ओर से नियमित तौर पर निगरानी की जा रही है और प्रभावित क्षेत्रों में वैक्सीनेशन की जा रही है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की है कि गोशाला के आसपास सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखें।