साहो (चंबा)। सराहन पंचायत में दो दिन से गुल बिजली सप्लाई को सुचारू करने में बिजली बोर्ड के कर्मचारी डटे रहे। मूसलाधार बारिश से कार्य करने में दिक्कतें पेश आई।
लिहाजा, बोर्ड कर्मियों ने तिरपाल सिर पर रख कर ट्रांसफार्मर को ठीक करने का कार्य किया। सराहन पंचायत में ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी पेश आने की सूरत में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली बोर्ड प्रबंधन को इस बाबत अवगत करवाया गया। इसके बाद बोर्ड कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर मोर्चा संभाला। सोमवार को पूरा दिन बिजली की लाइन को सुचारू करने के कार्य में डटे रहे। दोपहर बाद सराहण पंचायत में विद्युत सप्लाई सुचारू हो पाई।
विद्युत बोर्ड के साहो सेक्शन में 12 पंचायतों पर करीब 70 ट्रांसफार्मर हैं। यहां काम करने वाले महज पांच कर्मी ही तैनात हैं। उनमें भी एक बुजुर्ग और एक लड़की हैं। बिजली के खंभों पर चढ़कर काम करने वाले भी महज तीन ही लोग शामिल हैं। उसमें भी एक की बाइक दुर्घटना में पांव फ्रैक्चर हो गया है। कुल मिलाकर दो लोग ही वर्तमान समय में 12 पंचायतों को संभाल रहे हैं। ऐसे में विद्युत बोर्ड में तैनात कर्मचारियों की मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं।