रठियार में खुला पुस्तकालय, पांच पंचायतों को मिलेगा लाभ
युवाओं को नहीं लगानी होगी जिला मुख्यालय की दौड़
संवाद न्यूज एजेंसी
मंगला (चंबा)। बख्तपुर वार्ड के तहत पांच ग्राम पंचायतों के युवाओं को अब लाइब्रेरी के लिए जिला मुख्यालय चंबा का रुख नहीं करना पड़ेगा। हिमाचल दिवस पर जिला परिषद अध्यक्ष डॉ. नीलम कुमारी ने विकास खंड मैहला के तहत ग्राम पंचायत रठियार में सार्वजनिक पुस्तकालय शुरू किया है। क्षेत्र की पांच पंचायतों के विद्यार्थियों को यह सुविधा मिलेगी। उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। इससे ग्राम पंचायत बसोधन, बख्तपुर, टपूण और खज्जियार के युवाओं को भी इसका लाभ मिलेगा। जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के युवा पुस्तकालय के लिए चंबा और चुवाड़ी में किराये में कमरे लेकर पुस्तकालय में पढ़ाई करते थे। बहरहाल, जिला परिषद अध्यक्ष ने रठियार में ही पुस्तकालय की व्यवस्था कर युवाओं को बड़ी राहत दी है। अब उन्हें पंचायत स्तर पर ही पुस्तकालय की सुविधा मिल जाएगी। उन्हें चंबा या चुवाड़ी का रुख नहीं करना पड़ेगा। जिला परिषद अध्यक्ष डॉ. नीलम कुमारी ने बताया कि जिला परिषद मद के 15वें वित्त आयोग से यह पुस्तकालय खोला है। गुणात्मक शिक्षा के लिए पंचायत प्रबंधन के सहयोग से यह कार्य हो पाया है। पंचायत प्रधान सुनील कुमार का कहना है कि इससे विद्यार्थियों को काफी सुविधा मिलेगी। विद्यार्थी इसका भरपूर लाभ उठाएं।