विस उपाध्यक्ष का पुतला फूंकते यूथ कांग्रेस चुवाड़ी के पदाधिकारी।
- फोटो : Chamba
चुवाड़ी (चंबा)। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री एवं कांग्रेस विधायकों के साथ की गई बदसलूकी के विरोध में चुवाड़ी के सुदली चौक पर विस उपाध्यक्ष हंसराज का भटियात युवा कांग्रेस ने पुतला फूंका। भटियात यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष संदीप जसरोटिया ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और अन्य चार कांग्रेस विधायकों को भाजपा ने मनमानी करते हुए विस सत्र से निलंबित कर दिया। लेकिन सरासर गुंडागर्दी पर उतारू विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज पर कोई कार्रवाई न करना बीजेपी की तानाशाही को दर्शाता है।
कहा कि कांग्रेस विधायकों ने अपनी बात को राज्यपाल के समक्ष रखा और बीच में रोक दिए गए अभिभाषण को पूरा करने का निवेदन किया। इस पर भाजपा के मंत्री और विधायक गुंडागर्दी पर उतारू हो गए। कहा कि विधानसभा में गुंडागर्दी पर उतारू विस उपाध्यक्ष और अन्य भाजपाइयों के खिलाफ भी सरकार को कार्रवाई करनी होगी। ऐसा न करने पर कांग्रेस जमीनी स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएगी।