भाजपा की जिला स्तरीय बैठक को छोड़ बीमार बच्चे का उपचार करते भरमौर विधायक डॉ. जनक राज।
चंबा। भाजपा की जिला स्तरीय बैठक भरमौर विधायक डॉ. जनक राज ने उस समय बीच में छोड़ दिया, जब 60 किलोमीटर का सफर तय करके एक महिला अपने बीमार बच्चे को लेकर बैठक स्थल पर पहुंच गई। जैसे ही डॉ. जनकराज को सूचना मिली कि एक महिला अपने बीमार बच्चे को लेकर उनसे मिलने पहुंची है तो उन्होंने बैठक में मौजूदा भाजपा पदाधिकारियों को बताकर बच्चे के इलाज के संबंध में परामर्श देने का फैसला लिया।
उन्होंने महाजन सभा के एक हॉल में महिला से बीमार बच्चे के बारे में पूरी जानकारी हासिल की और बच्चे की सीटी स्कैन सहित अन्य जरूरी रिपोर्ट को भी चेक किया। महिला ने डॉ. जनक को बताया कि उसका बच्चा बचपन से ही चलने फिरने में असमर्थ है और उसे दिमागी दौरे भी पड़ते हैं।
इसके बाद विधायक डॉ. जनक ने महिला को बच्चे के इलाज संबंधी जरूरी परामर्श दिया। साथ ही महिला को आश्वासन दिया कि बच्चे के इलाज को लेकर उनकी जहां पर भी आवश्यकता होगी, वह पूरा करने के लिए तैयार रहेंगे। इसके लिए यदि उन्हें शिमला या टांडा में विशेषज्ञों से भी बात करनी पड़ी तो वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने राजनीति लोगों की सेवा के लिए चुनी है, इसलिए वह यह सेवा किसी भी रूप में कर सकते हैं।