चंबा। जिले में मानसून की सक्रियता और संभावित भूस्खलन, बाढ़ व अन्य आपदाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ने सोमवार को आदेश जारी कर सभी आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारियों की स्वीकृत छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आपदा की किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई और समन्वय के लिए यह कदम जरूरी है। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे और कोई भी अधिकारी स्टेशन नहीं छोड़ेगा। साथ ही विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे न केवल उपस्थिति की सघन निगरानी करें बल्कि वर्तमान में जो अधिकारी अवकाश पर हैं, उन्हें तत्काल मुख्यालय में तैनात करने की व्यवस्था करें। ऐसे सभी अवकाश अगले आदेश तक स्वतः रद्द माने जाएंगे। प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि यह आदेश जन सुरक्षा, आपदा प्रबंधन की तत्परता और प्रभावी प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जारी किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा और जिला चंबा की समस्त सीमा में अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।