चंबा। सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए अब नेता और जिला अधिकारी स्कूलों को गोद लेंगे। अपना विद्यालय कार्यक्रम के तहत यह व्यवस्था होने जा रही है।
सरकार ने सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए यह पहल शुरू की है। इसके तहत सांसद, विधायक, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, सीएमओ सहित एसडीएम स्कूल पैटर्न होंगे और स्कूल गोद लेंगे। वे साल में दो बार संबंधित स्कूल का दौरा करेंगे और बच्चों से संवाद भी करेंगे। स्कूल मेंटर में शिक्षा विभाग के उपनिदेशक समेत समग्र शिक्षा के परियोजना अधिकारी सहित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के समन्वयक स्कूल मेंटर होंगे। स्कूल मेंटर माह में एक बार स्कूल का निरीक्षण करेंगे। साथ ही अब तक की प्रगति रिपोर्ट देंगे। सर्व शिक्षा अभियान के तहत एक पोर्टल भी तैयार किया जाएगा। इसमें स्कूल की तमाम गतिविधियां अपलोड की जाएगी। सरकार की ओर से इस तरह की पहल करने का मकसद सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था मजबूत करना है। इसके अलावा सेवानिवृत कर्मचारी भी इन स्कूलों के उत्थान के लिए कार्य करेंगे। इसके तहत इंजीनियर स्कूल गणित और साइंस की पढ़ाई करवा सकेंगे, जबकि सेवानिवृत्त चिकित्सक स्कूल में बायोलॉजी और केमिस्ट्री के विषय में बच्चों की पकड़ मजबूत बनाने के लिए कक्षाएं लेंगे।
उप जिला शिक्षा अधिकारी उमाकांत आनंद ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत व्यवस्था बनाई जा रही है। कहा कि सरकार के इस प्रयास से स्कूलों में व्यवस्था बेहतर होगी। साथ ही शिक्षकों की जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।