चंबा। जिले में भाषा अध्यापकों के 28 पद बैचवाइज आधार पर भरें जाएंगे। इस संदर्भ में प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा ने निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग ने इसका काउंसलिंग शेड्यूल भी जारी कर दिया है।
इसके साथ ही रोजगार कार्यालयों से मिली सूची के आधार पर कॉल लेटर भी जारी कर दिए गए हैं। काउंसलिंग के दौरान पात्र अभ्यर्थियों को अपने दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। छह अक्तूबर को रोजगार कार्यालय चुवाड़ी, चंबा और सात अक्तूबर को रोजगार कार्यालय पांगी, भरमौर, डलहौजी, सुंडला औ तीसा के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी।
जानकारी के अनुसार इन 28 पदों में जनरल (यूआर) के 13 पद अप टू 2006, एससी (यूआर) के पांच अप टू 2010, एससी (बीपीएल) का एक पद अप टू 2013, एसटी (यूआर) का एक अप टू 2007, ओबीसी (यूआर) चार पद अप टू 2012, ओबीसी बीपीएल अप टुडे और ईडब्लयूएस के तीन पद अप टू 2009 शामिल है।
गौरतलब है कि जिले के कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी है। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बहरहाल, अध्यापकों की नियुक्ति से स्कूलों को जहां अध्यापक मिलेंगे, तो वहीं, बेरोजगार पात्र युवाओं को नौकरी की सौगात मिलेगी।
जिला उपशिक्षा अधिकारी हितेंद्र कुमार ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि भाषा अध्यापकों के 28 पद बैचवाइज आधार पर भरे जाएंगे। इस बारे में शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके साथ ही पात्र अभ्यर्थियों को कॉल लैटर जारी कर दिए गए हैं।