पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी की कुमार परमार पंचायत में जमीन धंसने से लोगों के घरों में दरारें पड़ गई हैं। घरों के साथ बनी सड़क में अचानक बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों में बर्फ का पानी भर रहा है जिससे सड़क के आसपास की जमीन धीरे-धीरे धंस रही है। इससे साथ लगते तीन घरों में दरारें आ गई हैं। इससे पूरे गांव में डर का माहौल पैदा हो गया है। लोग इस घटना को जोशी मठ के साथ जोड़ रहे हैं। क्योंकि सड़क का निर्माण सात साल पहले हुआ है। तबसे लेकर आज तक कभी भी बर्फबारी के दौरान सड़क नहीं धंसी लेकिन इस बार रिकॉर्डतोड़ हुई बर्फबारी के कारण सड़क में जहां सुबह से लेकर शाम तक पिघल रही बर्फ का पानी बह रहा है। उसी पानी से सड़क के बीचोबीच गड्ढे हो रहे हैं। बर्फ का सारा पानी इन्हीं गड्ढों में समा रहा है।
स्थानीय लोगों मान सिंह, राज कुमार, सुनील ठाकुर, देवेंद्र और संजय कुमार ने बताया कि अचानक जमीन धंसने से लोगों के घरों को खतरा पैदा हो रहा है। यदि ऐसे ही सड़क की जमीन धंसती रही तो आसपास के सभी घर भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। लोगों ने पांगी प्रशासन से मांग की है कि धंस रही जमीन को लेकर जल्द सर्वेक्षण करवाया जाए और बचाव को लेकर पुख्ता इंतजाम करवाए जाएं। आवासीय आयुक्त पांगी अजय कुमार यादव ने बताया कि गांव में जमीन धंसने का मामला उनके ध्यान में आया है। इसको भूसंरक्षण विभाग की टीम को भेजकर सर्वेक्षण करवाया जाएगा। टीम की रिपोर्ट के बाद ही आगामी कदम उठाए जाएंगे।