बिजली, पानी और सड़क से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के दिए निर्देश
प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान, भरमौर के पांच स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ने को बताया बड़ी उपलब्धि
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। कृषि उपज विपणन समिति (एपीएमसी) चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर ने रविवार को जनजातीय क्षेत्र भरमौर की ग्राम पंचायत जगत का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और बिजली, पेयजल व सड़क से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए।
ललित ठाकुर ने भरमौर विधानसभा क्षेत्र के पांच विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्धता मिलने पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्र के स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभ बताते हुए इसे अपनाने के लिए प्रेरित किया। कहा कि इस पद्धति से खेती की लागत घटाने के साथ मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण का संरक्षण भी किया जा सकता है। प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है।
इस अवसर पर एडीएम भरमौर विकास शर्मा, बीडीओ संजय वर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार, अनुसंधान अधिकारी अतुल शर्मा, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता विवेक चंदेल, विषयवाद विशेषज्ञ बागवानी मनोहर लाल, तहसील कल्याण अधिकारी विकास और सीडीपीओ मुनीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।