जम्मू की सिम के जरिये अपनों से बात करना बना ग्रामीणों की मजबूरी
800 उपभोक्ताओं केा मास्का या बसोली से खरीदनी पड़ रही सिम
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। विधानसभा क्षेत्र डलहौजी के थल गांव के ग्रामीण जम्मू की सिम से अपनों से बात कर रहे हैं। क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है।
गांव में बीएसएनएल, एयरटेल और जियो जैसी प्रमुख दूरसंचार कंपनियों का सिग्नल नहीं हैं। गांव के 800 ग्रामीण जम्मू-कश्मीर के मास्का और बसोली क्षेत्र से सिम कार्ड खरीदकर इनका उपयोग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों में अमी चंद, अशोक कुमार और दलीप कुमार ने कहा कि परिजनों और रिश्तेदारों से संपर्क के लिए उनके पास यही विकल्प है।
ग्रामीणों में बचन सिंह, संजय कुमार, किशन चंद और योगराज ने कहा कि गांव में भारतीय दूरसंचार कंपनियों का सिग्नल न होने से दैनिक जीवन के साथ सरकारी और निजी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, सरकारी योजनाओं की जानकारी और आपातकालीन सेवाओं का लाभ लेने में भी लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को हो रही है। नेटवर्क की कमी के कारण वे मोबाइल इंटरनेट का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। सरकारी कर्मचारियों और निजी संस्थानों में कार्यरत लोगों को कार्यालय संबंधी कार्यों, ऑनलाइन बैठकों और जरूरी दस्तावेजों के आदान-प्रदान में भी दिक्कत आती है। विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावित हो रही है।
बीएसएनएल के डीईटीओ बलवीर सिंह ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। निगम की टीम को मौके पर भेज समस्या समाधान को लेकर विकल्प तलाशा जाएगा।