चंबा। साहो पधर के बाशिंदों की प्यास कुड़था नाला बुझाएगा। जलशक्ति विभाग ने पेयजल समस्या के समाधान के लिए 14 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया है।
कुड़था नाला से पानी पाइपों के जरिये साहो पधर के ग्रामीणों तक पहुंचाया जाएगा। योजना के तहत 10 लाख लीटर के तीन जल भंडारण टैंकों समेत ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जाएगा। विभाग ने इसका प्रस्ताव स्वीकृति के लिए विभागीय चीफ कार्यालय धर्मशाला भेजा है। यहां से स्वीकृति मिलने के बाद एस्टीमेट बनाकर स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। एस्टीमेट को मंजूरी मिलने पर टेंडर आमंत्रित करवाकर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
चंबा विधानसभा क्षेत्र के तहत साहो पधर पंचायत के अधीन इस योजना से क्षेत्र की तीन हजार की आबादी लाभान्वित होगी। कुड़था नामक स्थान पर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा। छह लाख, 3.40 लाख और एक लाख लीटर क्षमता के तीन भंडारण टैंक बनाए जाएंगे। नाले से पानी को ट्रीटमेंट प्लांट में पहुंचाने के बाद उसे साफ कर भंडारण टैंकों में एकत्रित किया जाएगा। इसके बाद 130 लीटर प्रति व्यक्ति की दर से ग्रामीणों के घरों तक पहुंचाया जाएगा। साहो पधर क्षेत्र में गर्मियों में पेयजल किल्लत से ग्रामीणों को परेशान होना पड़ता है। क्षेत्र की अधिकांश आबादी खेतीबाड़ी पर निर्भर है। पेयजल योजना ग्रामीणों के लिए काफी लाभप्रद होगी। उधर, सदर के विधायक नीरज नैय्यर ने बताया कि साहो पधर के लिए पेयजल योजना निर्मित होगी। 14 करोड़ से बनने वाली योजना से क्षेत्र की तीन हजार की आबादी लाभान्वित होगी।
वहीं, जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता गौरव ठाकुर ने बताया कि साहो पधर के लिए 14 करोड़ से बनने वाली पेयजल योजना का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए चीफ कार्यालय धर्मशाला भेजा है। यहां से हरी झंडी मिलने पर एस्टीमेट बनाकर अंतिम स्वीकृति ली जाएगी। स्वीकृति मिलने पर टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे।