चुवाड़ी (चंबा)। शादी समारोह की डीजे पार्टी में उस समय अफरातफरी मच गई जब दो गुटों के बीच में लड़ाई शुरू हो गई। एक गुट ने दूसरे गुट पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इस लड़ाई में तीन युवक घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए रात को सिविल अस्पताल चुवाड़ी पहुंचाना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने तीनों घायल युवकों के बयान दर्ज किए। अब पुलिस दूसरे पक्ष को बुलाकर पूछताछ करेगी। यह घटना चुवाड़ी के द्रवडू गांव में शुक्रवार रात को हुई। डीजे की धुन पर जब सभी युवा नाच रहे थे तो उसी दौरान कुछ युवाओं में धक्का-मुक्की हो गई। देखते ही देखते एक-दूसरे पर तेजधार हथियारों से हमला शुरू हो गया। वहां मौजूद अन्य लोगों ने बड़ी मुश्किल से इस खूनी संघर्ष को शांत करवाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।