चंबा। दस साल बाद इस बार चंबा को मंत्री पद मिलने की उम्मीद बंधी है। जिले में भटियात और सदर सीट से कांग्रेसी प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। 2022 के विस चुनाव के नतीजे 2012 की तस्वीर दोहरा रहे हैं। दरअसल, वर्ष 2012 के चुनाव में कांग्रेस ने दो सीटें जीती थीं। इनमें भरमौर से ठाकुर सिंह भरमौरी और डलहौजी से आशा कुमारी ने विजय हासिल की थी जबकि तीन सीटें भाजपा की झोली में गई थीं। बहरहाल, प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी और कांग्रेस हाईकमान ने ठाकुर सिंह भरमौरी को वन मंत्री पद का तोहफा दिया। वर्ष 2017 के चुनाव की बात करें तो भाजपा ने चार सीटें जीती थीं।
इस दौरान भाजपा की सरकार बनी लेकिन चंबा के विधायकों को कैबिनेट से दूर रखा गया। दूसरी बार चुनाव जीतने वाले हंसराज को विस उपाध्यक्ष का पद दिया गया जबकि कुछ समय बाद बिक्रम सिंह जरयाल को मुख्य सचेतक का पद दिया गया। मसलन, इस बार सदर सीट से नीरज नैयर जीते हैं।
नीरज नैयर ने पूर्व विधायक की पत्नी नीलम नैयर को हराया तो वहीं दूसरी ओर भटियात विधानसभा क्षेत्र में कुलदीप पठानिया जीते हैं। पठानिया ने जीत की हैट्रिक पर खड़े बिक्रम सिंह जरयाल को हराया। जिले की जनता अब यही उम्मीद कर रही है कि सरकार बनाने जा रही कांग्रेस चंबा को नजरअंदाज नहीं करेगी और 2012 की तर्ज पर चंबा को मंत्री पद का तोहफा देगी।