ग्राम पंचायत चूहन में गढ़ संपर्क मार्ग और नैनीखड्ड में किहार संपर्क मार्ग का भूमि पूजन करते विध
बनीखेत (चंबा)। भटियात विधानसभा क्षेत्र के तहत खिरडीधार, संधारा, बगढ़ार और मेल क्षेत्र को पर्यटन के लिहाज से विकसित किया जाएगा, ताकि खज्जियार और डलहौजी की तरह पर्यटकों को यहां भी सुविधाएं मिल सकें। यह बात विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने ग्राम पंचायत चूहन में कही। वह गढ़ गांव के लिए 45 लाख रुपये की लागत से बनने वाले संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य का भूमि पूजन करने के उपरांत जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि खिरडीधार, संधारा, बगढ़ार और मेल क्षेत्रों में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों के अनुरूप विभिन्न साहसिक पर्यटन गतिविधियों को शुरू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर विधानसभा क्षेत्र भटियात में सड़क सुविधा को सुदृढ़ किया जाएग और प्रत्येक गांव को सड़क से जोड़ा जाएगा। नैनीखड्ड से समलेऊ संपर्क सड़क को जल्द सुदृढ़ किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मीहनू गांव की संपर्क सड़क पर 32 लाख, संपर्क मार्ग लून्ना के निर्माण में 85 लाख, डुहका मार्ग के निर्माण में 37 लाख की धनराशि व्यय की जा रही है। इसके अतिरिक्त गांव लाहरी के संपर्क मार्ग पर लगभग 88 लाख रुपये की धनराशि खर्च होगी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मेल के अतिरिक्त भवन निर्माण में 33 लाख रुपए की धनराशि व्यय की जा रही है। भटियात क्षेत्र की 22 पंचायत के लिए सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 44 करोड़ रुपए का प्रपोजल तैयार किया गया है।
उन्होंने महिला मंडल चूहन के भवन के जीणोद्धार के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया। कहा कि चूहन पंचायत के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का निर्माण किया जाएगा ताकि लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके। विधानसभा अध्यक्ष ने ग्राम पंचायत नैनीखड्ड में लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली गांव किहार के लिए संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया।