खज्जियार (चंबा)। इन दिनों खज्जियार के लोग बिजली की आंख-मिचौनी से परेशान हैं। किसी भी वक्त बिजली गुल हो जाती है। लोगों को यह भी पता नहीं होता कि बिजली कब बहाल होगी। तीन दिन से समस्या काफी बढ़ गई है।
बिजली बोर्ड के कर्मचारी को जब स्थानीय लोग समस्या से अवगत करवा रहे हैं तो वे जल्द समाधान का आश्वासन दे रहे हैं। इसके बाद भी इस समस्या का कोई हल नहीं निकला है। ऐसे में लोग अब बिजली बोर्ड के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
स्थानीय निवासी सुनील कुमार, विशाल, हंसराज, टेक चंद, धर्मेंद्र शर्मा, मनोज, बिकू और रवि कुमार ने बताया कि पर्यटन स्थल होने के बावजूद यहां बिजली की व्यवस्था सुदृढ़ नहीं बनाई जा रही है। लोगों को रात के समय ठंड में कई बार बिना बिजली रहना पड़ रहा है। उन्होंने बोर्ड से मांग की है कि यदि कोई कट लगाया जाना है तो उसके बारे में लोगों को पहले जानकारी दी जाए।