पर्यटन नगरी खज्जियार में पहुंचे पर्यटक। संवाद
खज्जियार (चंबा)। दशहरे की छुट्टी पर पर्यटन स्थल खज्जियार में पर्यटकों की भीड़ देखने को मिली। वीरवार सुबह से शाम तक झील मैदान पर्यटकों से गुलजार रहा। कारोबारियों के चेहरों पर रौनक देखने को मिली। पांच महीने से यहां वीराना छाया हुआ था। ऐसे में अब पर्यटकों की चहल-कदमी बढ़ने से कारोबारी काफी खुश हैं। बाहरी राज्यों से विद्यार्थियों व अन्य लोगों के दल घूमने के लिए यहां पहुंच रहे हैं। घुड़सवारी, पैराग्लाइडिंग व अन्य गतिविधि से रोजगार कमाने वाले लोगों की आजीविका फिर से पटरी पर लौटने लगी है। अन्यथा वीराने माहौल में उनका कारोबार भी ठप हो गया था। खज्जियार पंचायत के 80 प्रतिशत परिवारों का भरण पोषण पर्यटन कारोबार पर निर्भर है। ऐसे में यदि यहां पर्यटक नहीं आएंगे तो उन्हें अपना परिवार चलाना मुश्किल हो जाएगा। तीन दिन से यहां पर्यटकों की चहलकदमी बढ़ी है। इसमें आगामी दिनों में भी वृद्धि होने की उम्मीद जताई जा रही है।