चंबा। खड़ामुख-गरोला मार्ग पर दस घंटों तक वाहनों की रफ्तार थमी रही। बुधवार मध्यरात्रि 1:00 बजे सरिया लेकर जा रहे ट्राले की झिरडू मोड़ पर साफ्ट टूटना इसकी वजह बताई जा रही है।
वीरवार सुबह मार्ग बंद होने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची विभागीय टीम ने कंपनी प्रबंधन को इस बारे में सूचना की। इसके बाद मशीनरी के जरिये ट्राले पर रखे सरिये को हटाकर ट्राले का हिस्सा हटाया गया। इसके बाद सुबह 11:00 बजे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारू हो पाई। मार्ग बंद होने से खड़ामुख और गरोला की ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे अपने गंत्वय की ओर जाने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गौर रहे कि उपमंडल भरमौर के क्षेत्र होली की तरफ क्रियान्वित निजी जल विद्युत परियोजनाओं के लिए सामान लेकर मालवाहक वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। इससे पूर्व भी क्षेत्र में पुल मालवाहक वाहनों के आवाजाही के चलते क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसके बाद बाकायदा हाईवे प्रबंधन की अनुमति के बाद ही हाईवे से होकर माल वाहक वाहनों की गुजारने की व्यवस्था प्रशासन ने की है। बावजूद इसके वर्तमान में लोड मालवाहक वाहन किसी भी समय मार्ग से आवाजाही करते रहते हैं। बुधवार रात को एक सरिये से लोड ट्राले की साफ्ट खड़ामुख-गरोला मार्ग पर झिरडू मोड़ पर टूट गई। इससे दस घंटे यातायात व्यवस्था ठप रही।
ग्रामीणों में विनोद कुमार, कपिल कुमार, संजीव कुमार, दलीप कुमार और राकेश कुमार ने बताया कि झिरडू मोड़ पर कंपनी का ट्राला फंसने से वाहन चालक परेशान रहे। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निजी कंपनियों के माल वाहकों को सड़कों से गुजारने का समय निर्धारित किया जाए। उपमंडलाधिकारी भरमौर कुलवंत सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद विभागीय अधिकारी को निर्देश देकर मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल करवा दिया गया है।
-