चंबा। चंबा के ऐतिहासिक चौगान में नियमों को ताक पर रखकर खोदाई हो रही है। चौगान में कसाकड़ा मोहल्ले की ओर खोदाई के कार्य को लेकर लोगों ने आपत्ति जताना शुरू कर दिया है।
लोगों का सवाल है कि जब चौगान को जिला प्रशासन ने मरम्मत और रखरखाव के लिए बंद किया है तो उच्च न्यायालय के आदेशों के विपरीत बिजली लाइन बिछाने के लिए उसे क्यों खोदा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक चौगान में रंगबिरंगी लाइटें लगाने को खोदाई की जा रही है।
इसको लेकर पद्मश्री विजय शर्मा ने भी कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने शासन-प्रशासन को चेताते हुए साफ कहा है कि उच्च न्यायालय के आदेश के बाद चंबा चौगान में किसी भी प्रकार की खोदाई का कार्य नहीं करवाया जा सकता है। इसके विरोध में उच्च न्यायालय में याचिका दायर करने से भी वह गुरेज नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक धरोहर के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि साल 2025 में चंबा का चौगान बीते सालों की अपेक्षा अधिक व्यस्त रहा। उच्च न्यायालय से अनुमति के बाद चंबा चौगान अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला आयोजित हुआ। इसके बाद क्रिकेट प्रतियोगिता, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता, स्कूली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता और कॉलेज की अंतर राज्यीय प्रतियोगिता हुई। अब जब मरम्मत और रखरखाव के लिए समयानुसार चौगान बंद किया गया है तो खोदाई का काम चल पड़ा है।
मामला ध्यान में लाया गया है। नगर परिषद से इस बारे में जानकारी हासिल कर उचित कदम उठाया जाएगा। मुकेश रेपसवाल,उपायुक्त चंबा