चंबा। सलूणी-हिमगिरी मार्ग पर गुलेल में कशमल की जड़ों का अवैध डिपो चलाने वाले लोग वन विभाग की टीम को देख दुकान पर ताला लगाकर भाग निकले। जबकि, वन विभाग की टीम ने दुकान के मालिक को फोन करके वहां बुलाया लेकिन वह नहीं पहुंचा। इसके बाद वन विभाग की टीम ने संबंधित पंचायत प्रधान और वार्ड पंच को मौके पर बुलाकर दुकान को सील कर दिया। अब वन विभाग की टीम वन मंडल अधिकारी से सर्च वारंट लेकर पंचायत प्रधान की मौजूदगी में दुकान पर लटके ताले को तोड़कर अंदर रखी कशमल की जड़ों की जांच करेगी। शुक्रवार देर रात को जब गुलेल के पास वन विभाग की टीम गश्त कर रही थी तो उसी दौरान कुछ लोग दुकान में कशमल की जड़ों को छुपा रहे थे। जैसे ही वन विभाग की टीम उनकी तरफ बढ़ी तो उन लाेगों ने दुकान का शटर बंद करके उसमें ताला लगा दिया और खुद वहां से भाग निकले। हालांकि वन विभाग की टीम ने उन्हें रुकने के लिए कहा लेकिन वे बिना बात किए वहां से भाग गए। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली वन विभाग की टीम में वन खंड अधिकारी अब्दुल हमीद, वन रक्षक लेखराज, मान सिंह, पंचायत प्रधान और वार्ड पंच शामिल रहे। रविवार को अब वन विभाग की टीम सील की गई दुकान को खुलवाएगी। वन मंडल अधिकारी चुराह सुशील कुमार गुलेरिया ने बताया कि गुलेल में एक दुकान को सील किया गया है। उसके अंदर अवैध रूप से कशमल जड़ें रखी गई हैं। रविवार को दुकान का शटर खोला जाएगा। उसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।