चंबा में करवाचौथ को लेकर खरीदारी करती महिलाएं।संवाद
चंबा। करवाचौथ पर इस बार सुहागिनों पर महंगाई की मार पड़ रही है। पिछले साल जो चूड़ी सेट सुहागिनों ने 30 से 200 रुपये में खरीदे थे, वही चूड़ी सेट इस बार 40 से 300 रुपये में खरीदने पड़ रहे हैं।
मोती से जड़े कंगन इस बार मार्केट में 50 से 300 रुपये में बिक रहे हैं। पिछले साल यही कंगन 30 से 200 रुपये में बिक रहे थे। इसी तरह अन्य साज-सज्जा का सामान भी सुहागिनों को पिछले साल की तुलना में 20 प्रतिशत महंगा खरीदना पड़ रहा है। ऐसे में महिलाओं को इस बार करवाचौथ पर महंगाई की मार पड़ रही है। इसको लेकर महिलाओं में काफी नाराजगी भी है।
शहर के बाजार में रोजाना महिलाएं सुहाग व्रत का सामान खरीदने के लिए पहुंच रही हैं। बाजार में सुबह से शाम तक महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। बाजार में दुकानों के अलावा दुकानदारों ने सड़ाकें पर भी टेबल लगाकर सामान सजा दिया है। बनारसी साड़ी को लेकर भी मांग बढ़ रही है। साड़ी बाजार में 2000 से 10000 रुपये के बीच बिक रही है। महिलाओं की ओर से व्रत के लिए थाली सेट, चूड़ी, कंगन बिंदी, मेंहदी, सिंदूर आदि सामग्री खरीदी जा रही है। कांच की चूड़ियां और मोती वाले कंगन महिलाओं को खूब पसंद आ रहे हैं। इन सबके रेट पिछले साल की तुलना में अधिक हैं। सुहागिनों के लिए करवाचौथ व्रत किसी बड़े त्योहार से कम नहीं होता। इस दिन सुहागिनें अपने पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखती हैं और रात को चंद्रमा के दर्शन करने के बाद पति की आरती उतारकर जल-अन्न ग्रहण कर अपना व्रत पूर्ण करती हैं। दुकानदारों में मनोज कुमार, किशोरी लाल, रोशन महाजन और उमेश भारद्वाज ने कहा कि करवाचौथ व्रत की सामग्री पीछे से ही महंगी आई है। हांलाकि, सुहागिनों की मांग के अनुसार ही सामग्री मंगवाई गई है।