चंबा। पंचायत जांघी के कलसूंई गांव में सोमवार को एक स्टोर में आग लग गई। इससे स्टोर के भीतर रखा पशुओं का चारा स्वाह हो गया। दमकल विभाग के अनुसार स्टोर मालिक को इस घटना से काफी नुकसान हुआ। जबकि दमकल विभाग की टीम ने समय पर आग को बुझाकर पांच लाख की संपत्ति को जलने से बचाया। इसके अलावा स्टोर के अंदर रखी इमारती लकड़ी को भी सुरक्षित बाहर निकला।
स्टोर में आग सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे लगी। आग की उठती लपटों को देख आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने फौरन दमकल विभाग को आग की सूचना देते हुए अपने स्तर पर भी आग को बुझाने का प्रयास किया।
मगर आग बेकाबू हो गई। इसकी वजह से उसे बुझाना ग्रामीणों के लिए मुश्किल हो रहा था। सूचना मिलते ही चंबा से दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इसके साथ ही स्टोर के भीतर रखी इमारती लकड़ी को भी सुरक्षित बचा लिया। जिला फायर अधिकारी राजेंद्र चौधरी ने बताया कि कलसूंई में स्टोर में आग लगने से काफी नुकसान हुआ है जबकि लाखों की संपत्ति को बचा लिया गया है।