संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगते ककियां गांव में एक युवक की चक्कर आने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान नवीन कुमार पुत्र स्वर्गीय रमेश कुमार निवासी ककियां के रूप में हुई है। वह रविवार सुबह के समय परिवार के साथ बैठा था। इसी दौरान अचानक उसे चक्कर आया।
इससे वह बेहोश हो गया। परिवार के सदस्यों ने उसे होश में लाने का भरसक प्रयास किया। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां पर मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों के सौंप दिया गया है।
मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि ककियां में युवक की मौत का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।