पुलिस पूछताछ में महिला ने कबूला जुर्म, निशानदेही पर खून से सने कपड़े बरामद
घटनास्थल पर कराया सीन रिक्रिएट, जबरन बाइक पर ले जाने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा (चुराह)। चुराह के जुकयानी में ढाबा संचालक नेगी राम की हत्या के मामले में पुलिस ने अहम खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार मामले में गिरफ्तार महिला आरोपी ने पूछताछ के दौरान हत्या की बात कबूल की है।
महिला ने बताया कि नेगी राम उसे जबरन बाइक पर बैठाकर टावर तक छोड़ने आया था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बीच महिला ने नुकीले पत्थर से नेगी राम पर वार कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार वारदात के बाद महिला ने खून से सने कपड़े कालोनी मोड़ के पास एक खंडहरनुमा भवन में छिपा दिए थे। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने इन कपड़ों को बरामद कर लिया है। सोमवार देर शाम पुलिस टीम महिला को घटनास्थल पर ले गई और उसकी मौजूदगी में घटनाक्रम का सीन रिक्रिएट करवाया।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों को खंगाला। पूछताछ में महिला के बयानों में बार-बार बदलाव सामने आया। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उससे गहन पूछताछ की जिसके बाद घटनाक्रम का खुलासा हुआ। उधर, पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बताया कि हत्या की गुत्थी सुलझा ली गई है। महिला से पूछताछ के आधार पर घटनास्थल पर सीन रिक्रिएट करवाया गया है। मामले की जांच जारी है।
19 अगस्त को मिला था शव
पंचायत खुशनगरी के जुकयानी में 19 अगस्त को नेगी राम का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सिर के पिछले हिस्से में चोट के निशान पाए जाने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर संदिग्धों से पूछताछ की।
महिला को चार, गोबिंद को तीन दिन का रिमांड
नेगी हत्याकांड में गिरफ्तार महिला आरोपी तिमरो और गोबिंद को पुलिस रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने महिला तिमरो को चार दिन और गोबिंद को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों को जुटा रही है।