झौड़ा से गरझिंडू मार्ग बहाल करनेमें जुटी मशीनरी। संवाद
तेलका (चंबा)। गढ़ माता जातर के अवसर पर झौड़ा से गरझिंडू मार्ग बस सेवा के लिए बहाल होने पर श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है। लगातार हो रही बारिश के कारण झौड़ा नामक स्थान पर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस कारण केवल छोटी गाड़ियों का आना-जाना संभव था। स्थानीय ड्राइवर यूनियन ने पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी से आग्रह किया कि इस महत्वपूर्ण मार्ग से बस सेवा पुनः प्रारंभ की जाए। आशा कुमार ने विभागीय और प्रशासनिक अधिकारियों के सामने समस्या रखी। अब सोमवार को भूमि मालिक सुरेश कुमार और चमन कुमार ने अपनी निजी भूमि में कटान करवाकर बस के लिए सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराया। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रजत सहगल ने बताया कि गढ़ माता यात्रा के दौरान विभाग ने जगह-जगह मशीनें और पर्याप्त कर्मचारी बल तैनात किया है। श्रद्धालुओं को रास्ते में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके प्रयास रहेंगे।