चंबा। भलेई में 20वें जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने जनहित के मुद्दों को लटकाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक न पहुंचाने पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की जमकर क्लास लगाई। जनमंच कार्यक्रम में उद्योग मंत्री के समक्ष महिलाओं ने बताया कि हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत निशुल्क गैस कनेक्शनों के साथ उन्हें चूल्हे नहीं मिले हैं। इस पर उद्योग मंत्री ने सरकारी योजनाओं का लोगों को उचित लाभ प्रदान करवाने की अधिकारियों-कर्मचारियों को नसीहत दी। उन्होने कहा कि जनमंच कार्यक्रम लोगों की समस्याओं के निदान करवाने के लिए ही आरंभ करवाया गया है। ऐसे में सभी अधिकारी/कर्मचारी अपने-अपने विभागों संबंधी सभी आंकड़े अपडेट रखें।
ग्राम पंचायत ब्रंगाल के बाशिंदों ने समस्या उठाते हुए कहा कि किसानों की सहूलियत के लिए वर्ष 1998 में कूलह का निर्माण किया गया था। मगर एक वर्ष तक कूहल में पानी नहीं आया है। लोगों ने बताया कि कूहल के बंद होने से किसानों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। उद्योग मंत्री ने आईपीएच विभाग के एसडीओ, एक्सईएन को मामले की तफ्तीश करने और कूहल को सुचारु करवाने संबंधी निर्देश दिए। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने उद्योग मंत्री को बताया कि राजकीय महाविद्यालय भलेई 2015 में खोला गया है।
बावजूद इसके महाविद्यालय भलेई के पास अपना का भवन नहीं है। इस कारण खस्ताहाल भवन में ही कक्षाएं चल रही हैं। कहा कि महाविद्यालय में हिंदी, राजनीति शास्त्र सहित कई अहम पद रिक्त पड़े हैं। उद्योग मंत्री ने विद्यार्थियों की समस्याओं को देखते हुए शिक्षा विभाग के सचिव से बात कर डेपुटेशन पर महाविद्यालय भलेई में प्रवक्ताओं को भेजने का आश्वासन दिया। ग्राम पंचायत भुनाड़ के बाशिंदों ने बताया कि गांव में 52 परिवार रहते हैं।
इन गांवों के लोगों को अपना पटवार वृत्त न होने से ग्रामीण 48 किलोमीटर का सफर तयकर अपने कार्य करवाने के लिए चंडी पटवार वृत्त का रुख करना पड़ रहा है। जनमंच के दौरान उद्योग मंत्री के समक्ष भडेला निवासी कुलदीप ने बताया कि भूस्खलन से उसके मकान में दरारें आ गईं थी। साथ ही गोशाला भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इस बारे में पंचायत प्रधान, पटवारी ने उनके घर का दौरा कर रिपोर्ट तैयार की थी। बावजूद इसके अभी तक उन्हें सहायता राशि नहीं मिल पाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायत की थी। उद्योग मंत्री ने राजस्व विभाग के कानूनगो और पटवारी को प्रभावित को हर संभव सहायता प्रदान करवाने के निर्देश दिए। सेरी पंचायत के हाकम सिंह ने बताया कि पीएमजीएसवाई के तहत डंडी गांव से लेकर भडेई सर्वे हुआ था। सड़क निर्माण के बाद उनकी सौ मीटर जमीन भूस्खलन से नष्ट हो गई है।
इसके साथ ही आने वाले समय में भी भूस्खलन संबंधी खतरा उन्हें सताता रहता है। मंत्री ने प्रभावित ग्रामीणों की समस्या का समाधान करने के निर्देश लोनिवि अधिकारियों को जारी किए हैं। उद्योग मंत्री ने कृषि, बागवानी विभाग, श्रम विभाग सहित सभी विभागों के अधिकारियों को गांवों में शिविरों का आयोजन कर लोगों को सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करने के निर्देश जारी किए। जनमंच में भटियात विधायक विक्रम सिंह जरयाल, भाजपा जिलाध्यक्ष योगराज शर्मा, जिला मार्केट कमेटी अध्यक्ष डीएस ठाकुर, जिलाधीश चंबा विवेक भाटिया, पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका सहित विभिन्न विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
90 दिन मनरेगा में काम करने वालों को मिलें कामगार बोर्ड के लाभ
मनरेगा में 90 दिनों का रोजगार पूरा करने वाले कामगारों को कामगार बोर्ड का लाभ अवश्य मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनमंच के लिए चुनी आठ पंचायतों ब्रंगाल, भनाड, कन्गेड़, नडल, ओहरा, सिमणी, वांगल और भलेई के 433 मनरेगा कामगारों ने 90 दिनों का रोजगार पूरा किया है, उनको कामगार बोर्ड की तरफ से मिलने वाले लाभ को लेकर प्रभावी कदम उठाए जाएं।
जनमंच कार्यक्रम में लोगों को विभिन्न तरह के 45 प्रमाणपत्र प्रदान करने के अलावा 37 व्यक्तियों की आधार रजिस्ट्रेशन का कार्य भी पूरा किया गया। मेडिकल बोर्ड ने 13 दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए। स्वास्थ्य विभाग ने स्थापित शिविर में 145 जबकि आयुर्वेद विभाग के शिविर के माध्यम से 80 लोगों के स्वास्थ्य जांच हुई।
जनमंच के बीच में उद्योग मंत्री के भाषण के बाद लोग उठकर चलना शुरू हुए तो उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने लोगों को बताया कि बैठे-बैठे थकने के कारण ही उन्होंने अपना संबोधन दिया। जब तक लोगों की शिकायतों का समाधान नहीं होगा जनमंच चलता रहेगा।