जन्द्रोग में नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण करते विस अध्यक्षकुलदीप सिंह पठानिया। प्रबंधन
चंबा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भटियात उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत जंद्रोग में करीब 43 लाख रुपये की राशि से नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 12 सड़क परियोजनाओं को अनुमोदन के लिए भेजा है। वहीं, नाग बिनतरु मंदिर परिसर के लिए नौ किलोमीटर लंबी संपर्क सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया है और इसका उद्घाटन नवंबर के प्रथम सप्ताह में किया जाएगा।
विस अध्यक्ष ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह भवन ग्रामवासियों के लिए विकास का प्रतीक है और पंचायत स्तर पर योजनाओं के सुचारु संचालन का केंद्र बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हिमाचल प्रदेश को घोषित 1,500 करोड़ रुपये की आपदा राहत राशि अब तक राज्य सरकार को नहीं मिली है। राज्य सरकार अपने संसाधनों से आपदा प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने भटियात क्षेत्र में जारी विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि दूरदराज के सभी गांव (टेल एंड विलेज) में संपर्क सड़क, सुचारु पेयजल और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के दूरदराज चक्की और रखेड गांव के लोगों की सुविधा के लिए जल्द संपर्क सड़क का निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा।