होली(चंबा)। होली-न्याग्रां मार्ग पर सड़क पर बहने वाला पानी सुबह के वक्त जम जा रहा है। इसके चलते मार्ग पर फिसलन बढ़ गई है। शुक्रवार को यहां सुबह के वक्त तापमान गिरने से प्रचंड ठंड के कारण सड़क पर बह रहा पानी जम गया। इसके चलते तीन घंटे तक मार्ग यातायात के लिए ठप पड़ गया। फिसलन भरे मार्ग से गुजरने में किसी भी वाहन चालक ने रिस्क नहीं लिया। वाहन चालकों ने बताया कि होली मुख्यालय व शिवनगरी के समीप ज्यादा पानी जम रहा है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा कुछ जगह ही नालियों का निर्माण किया गया है। अन्य जगह सड़कों पर पानी बह रहा है। इलाके में प्रचंड ठंड के चलते यह पानी रात के समय जम रहा है। फिसलन भरे मार्ग पर छोटे व बड़े वाहनों की आवाजाही तीन घंटे तक ठप रही। वाहन चालकों का कहना है कि नालियों का निर्माण होने से पानी नहीं जमेगा।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता राज कुमार का कहना है कि मार्ग पर जलशक्ति विभाग की पाइपें लीक हैं। साथ ही वन विभाग की कूहलों का पानी भी सड़क पर बह रहा है। इस बारे संबंधित विभागों को अवगत करवा दिया गया है।