चंबा के साच-फतेहपुर मार्ग को बहाल करने मे जुटी मशीनरी।संवाद
चंबा। साच-फतेहपुर मार्ग को फिर से यातायात के योग्य बनाने में 15 दिन तक का समय लग सकता है। लगातार बारिश के चलते इस मार्ग पर कई जगहों पर भारी भूस्खलन और चट्टानों का गिरना मुख्य बाधा बनकर सामने आया है। लोक निर्माण विभाग ने राहत कार्यों में तीन जेसीबी मशीनें तैनात कर दी हैं और वीरवार से एक पोकलेन मशीन भी जोड़ने की योजना है। लोक निर्माण विभाग के मुताबिक करीब चार किलोमीटर लंबे हिस्से में ऐसा कोई स्थान नहीं बचा जहां भूस्खलन न हुआ हो। कुछ स्थानों पर सड़क का हिस्सा पूरी तरह से ढह चुका है। वहां डंगे (सपोर्ट वॉल) लगाकर सड़क को दोबारा तैयार किया जा रहा है।
उधर विभाग के सहायक अभियंता शैलेष राणा ने बताया कि प्रभावित मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। संबंधित जेई को मौके पर तैनात कर राहत कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। सड़क मार्ग बंद होने से दो पंचायतों के लोग पूरी तरह प्रभावित हैं। आमजन, मरीज, स्कूली बच्चे और अन्य यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग पिछले कई दिनों से मार्ग बहाल करने की मांग कर रहे थे, जिसके बाद विभाग ने युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर दिया है। हालांकि विभाग ने बहाली के लिए 15 दिन का लक्ष्य रखा है, लेकिन यदि मौसम साफ रहा और कोई नई बाधा न आई, तो यह कार्य इससे पहले भी पूरा किया जा सकता है।