कामला में ग्राम सभा के दौरान मौजूद लोग : संवाद
सिहुंता (चंबा)। ग्राम पंचायत कामला की ग्राम सभा में विकास, स्वच्छता और नशामुक्ति से जुड़े कई मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का मामला उठाते हुए कामला में उपस्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग की। ग्राम सभा में उपस्वास्थ्य केंद्र के साथ पुस्तकालय और सामुदायिक भवन के निर्माण का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
ग्रामीणों ने कहा कि कामला में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को उपचार के लिए सिहुंता और समोट का रुख करना पड़ता है। लंबे समय से उपस्वास्थ्य केंद्र की मांग उठाई जा रही है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा मिलने से पंचायत क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सकती है।
ग्राम सभा में स्वच्छता अभियान और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को लेकर भी चर्चा हुई। महिलाओं ने पंचायत क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और घरों में शराब बनाने की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। बैठक में पंचायत प्रधान निशा देवी, उपप्रधान पुरुषोत्तम, पंचायत सचिव सपना देवी, वार्ड सदस्य अक्षय कुमार, शालू देवी, निशा देवी, अंजू देवी और मदन लाल सहित अन्य मौजूद रहे। संवाद