सलूणी की खरोठी पंचायत में खुले आसमान तले करते ग्राम सभा : जागरूक पाठक
ग्राम सभा की बैठक में छोटे कमरे में की थी व्यवस्था, भाग लेने पहुंचे 300 ग्रामीण
स्कूल भवन के निर्माण और एंबुलेंस सड़क बनाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। विकास खंड की पंचायत खरोठी में शनिवार को पंचायत भवन के अभाव की तस्वीर उस समय सामने आई जब ग्राम सभा में शामिल होने के लिए करीब 300 ग्रामीण पहुंच गए।
पंचायत ने एक छोटे कमरे में करीब 20 लोगों के बैठने की व्यवस्था की थी। जगह कम पड़ने पर अधिकांश ग्रामीणों को खुले आसमान के नीचे बैठना पड़ा। पंचायत भवन न होने का मुद्दा ग्राम सभा में प्रमुखता से उठा।
ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत खरोठी का अपना पंचायत भवन नहीं बन पाया है। ग्राम सभा की बैठकों के लिए हर बार अस्थायी व्यवस्था करनी पड़ती है। पंचायत क्षेत्र में मौजूद एक पुराने हॉल की मरम्मत कर उसे पंचायत भवन के रूप में विकसित किया जाए।
प्राथमिक पाठशाला खरोठी के भवन निर्माण का मुद्दा भी उठा। ग्रामीणों ने बताया कि भवन निर्माण पर करीब 15 लाख रुपये खर्च होने के बावजूद स्कूल भवन का काम पूरा नहीं हो पाया है। इसके चलते 22 बच्चों की कक्षाएं पूर्व उपप्रधान के घर में संचालित करनी पड़ रही हैं। अधूरे भवन का निर्माण जल्द पूरा कराया जाना चाहिए। खरोठी से सुंडला तक एंबुलेंस सड़क बनाने की मांग उठाई गई। कहा गया कि सड़क के अभाव में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में दिक्कत आती है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र परिवारों के लंबित आवास शीघ्र स्वीकृत कर निर्माण कार्य शुरू करवाने की भी बात कही गई।
पंचायत प्रधान सुकन्या देवी ने कहा कि ग्राम सभा में उठाए गए सभी मुद्दों को संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। बैठक में उपप्रधान अंबिका, पंचायत सचिव सुरेंद्र कुमार, धर्मे सिंह मौजूद रहे।