चंबा। वन मंडल चंबा के अंतर्गत आने वाली गुड्डा वन बीट में डीएफओ ने वन परिक्षेत्र अधिकारी, वन खंड अधिकारी, वन रक्षक और वन मित्रों की जंबो टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बीट में किए गए पौधरोपण कार्य सहित जंगलों में पेड़ों के अवैध कटान की जांच की गई। 12 से अधिक कर्मचारियों की पेट्रोलिंग को देख गांववासी हैरान रह गए। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले कभी भी उन्होंने इतनी अधिक संख्या में वन विभाग के कर्मचारियों को जंगल में निरीक्षण करते हुए नहीं देखा। इस दौरान टीम ने हिडिंबा माता के मंदिर में शीश भी नवाया।
यह ऐसी बीट है जहां पर जंगल रिहायशी बस्ते के साथ लगता है, ऐसे में यहां अवैध कटान होने की संभावना अधिक रहती है। इसी खतरे को ध्यान में रखते हुए विभागीय टीम ने जंगल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जंगल में टीडी और आपदा से गिरे हुए पेड़ों की भी जांच की गई।
डीएफओ कृतज्ञ कुमार ने संबंधित रेंजर और वन रक्षक को निर्देश दिए कि सर्दी के मौसम में जंगल की रखवाली में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। रोजाना सुबह और शाम गश्त करें, ताकि कोई भी व्यक्ति जंगल में अवैध कटान और शिकार न कर सके।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सामूहिक पेट्रोलिंग आगामी दिनों में अन्य बीटों में भी की जाएगी, ताकि जंगल में होने वाली हर गैर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके। इससे कर्मचारियों का भी मनोबल बढ़ेगा।