चंबा। जिले के एक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में मल्टी टास्क वर्कर की ओर से छात्रा को जातिसूचक शब्द कहने के मामले में जांच दोबारा शुरू होगी। प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए नई जांच कमेटी गठित कर दी है। करीब दो सप्ताह पहले सामने आए इस मामले में पहले उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जांच करवाई गई थी, लेकिन अब कर्मचारी के प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अधीन होने के चलते नए सिरे से जांच का निर्णय लिया गया है। दरअसल, मामला राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल से जुड़ा होने के कारण शुरूआत में उच्च शिक्षा विभाग ने जांच प्रक्रिया शुरू की थी। विभाग की ओर से मामले के तथ्यों और शिकायत के आधार पर जांच करवाई गई। बाद में सामने आया कि संबंधित मल्टी टास्क वर्कर प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अधीन कार्यरत है। ऐसे में जांच के अधिकार क्षेत्र को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के बाद दोबारा कमेटी गठित की गई है। अब नई कमेटी मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी। छात्रा की शिकायत, संबंधित कर्मचारी का पक्ष और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी। मामले में जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक मनोहर ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग की ओर से की गई जांच के बाद अब दोबारा रिपोर्ट तैयार होगी। इसके लिए कमेटी गठित कर दी गई है।